
Rahul Singh Lodhi: टीकमगढ़. नईदुनिया प्रतिनिध। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे खरगापुर विधायक राहुल सिंह लोधी को मंत्री मंडल में शामिल किया गया है। मंत्रीमंडल में शामिल होने के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह का माहौल बना हुआ है। बीते दो दिनों से राहुल सिंह लोधी को मंत्री मंडल में शामिल किए जाने की अटकलें चल रहीं थीं, लेकिन अब उन अटकलों पर विराम लग गया है और उन्हें मंत्री पद दिया गया। इसके बाद उनके नगर आगमन को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं। बता दें कि बीते बुुधवार को ही खरगापुर विधायक राहुल सिंह लोधी भोपाल रवाना हो गए थे।
गौरतलब है कि राहुल सिंह लोधी का जन्म टीकमगढ़ नगर में ही 6 दिसंबर 1977 को हुआ, जिन्होंने शिक्षा में बीएम, एमए की डिग्री हासिल की। इनके पिता एसपी सिंह पीडब्ल्यूडी विभाग से रिटायर्ड सब इंजीनियर है, जबकि इनकी पत्नी उमिता सिंह राजपूत जिला पंचायत टीकमगढ़ में अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। काफी खींचतान के बाद बीते महीनों में हुए चुुनाव के दौरान आखिर जिपं अध्यक्ष पद अपने पाले में करने में राहुल सिंह कामयाब हो गए थे, तब काफी सुर्खियों में आए थे। अब राहुल सिंह लोधी को मंत्री बनाए जाने के बाद परिवार में भी खुशी माहौल निर्मित है।
खरगापुर विधानसभा सीट से राहुल सिंह लोधी ने अब तक दो बार चुनाव लड़ा है, जिसमें एक बार उन्हें हार मिली थी। जबकि दूसरी बार जीत मिली है। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम के भतीजे राहुल सिंह को भाजपा से प्रत्याशी बनाया गया था, जहां पर कांग्रेस प्रत्याशी चंदा सुरेंद्र सिंह गौर ने उन्हें करीब 3500 वोटों से चुनाव हरा दिया था। जबकि 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से राहुल सिंह मैदान में उतरे और उन्होंने कांग्रेस की चंदा सुरेंद्र सिंह गौर को करीब 12 हजार वोटों से चुनाव हरा दिया और जीत दर्ज कर विधायक बने। जिले में कद्दावर नेता के रूप में राहुल सिंह लोधी को पहचाना जाता है। पूर्व सीएम उमा भारती के भतीजे होने के साथ ही क्षेत्र में काफी पकड़ रखते हैं।