
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : देवासगेट थाना क्षेत्र के दूधतलाई स्थित होटल जय जगदीश में मंगलवार रात एक नाबालिग लड़की के साथ युवक के मिलने पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता होटल पहुंचे। उन्होंने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
युवक शाजापुर का रहने वाला है। नाबालिग से उसकी पहचान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हुई थी। पुलिस ने लड़की के स्वजन को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी अर्जुन सिंह भदौरिया के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि होटल जय जगदीश के कमरा नंबर 303 में एक नाबालिग लड़की मौजूद है। इस पर कार्यकर्ता होटल पहुंचे और युवक से पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि युवक ने शुरुआत में अपनी पहचान स्पष्ट नहीं की। आधार कार्ड देखने पर उसकी पहचान मोइन पुत्र जाकिर शाह उम्र 22 वर्ष निवासी मगरिया, शाजापुर के रूप में हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी और युवक व लड़की को देवासगेट थाने ले जाया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि युवक शादीशुदा है और उसके मोबाइल में अन्य लड़कियों के संपर्क भी मिले हैं। उसके पास गांजा और गोगो नामक नशीला पदार्थ मिलने की बात भी कही गई। हालांकि, इन दावों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
पुलिस पूछताछ में लड़की के पिछले तीन दिनों से गरबा आयोजनों में जाने की बात सामने आई है। उसने दो अलग-अलग स्थानों पर गरबा करने जाने की जानकारी दी। युवक के भी उसके साथ गरबा करने जाने की बात बताई गई है।
देवासगेट थाना प्रभारी नरेंद्र बहादुर परिहार ने बताया कि पुलिस को होटल में नाबालिग लड़की के एक युवक के साथ ठहरने की सूचना मिली थी। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता दोनों को थाने लेकर आए थे। पुलिस ने लड़की के स्वजन को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया है। युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- MP में मुस्लिम युवती के साथ घूम रहे हिंदू युवक के साथ सरेआम मारपीट, 6 गिरफ्तार, Video वायरल