
नईदुनिया न्यूज, खाचरौद। नगर की थोक सब्जी मंडी में शनिवार सुबह गौवंश से भरे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने चार सब्जी विक्रेताओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद ड्राइवर ने वाहन लेकर भागने की कोशिश में जमातखाना क्षेत्र में तीन दोपहिया वाहनों और एक ऑटो को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। अंत में पिकअप वाहन विद्युत पोल से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे पिकअप क्रमांक एमपी 13 जेडएक्स 0596 गौवंश लेकर जा रहा था। इसी दौरान थोक सब्जी मंडी में वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सब्जी खरीद रहे दो महिलाओं और दो पुरुषों को टक्कर मार दी।
हादसे में रेखाबाई पत्नी नंदराम डोडिया (40) निवासी भेरुपाड़ा बदनावर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सागरबाई पत्नी बद्री भील (50), भेरूलाल पुत्र गणपत भील (43) और नंदराम पुत्र सोहन भील (30) निवासी भेरुपाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का खाचरौद सिविल अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद पिकअप जमातखाना क्षेत्र में पहुंचा, जहां तीन मोटरसाइकिल और एक ऑटो को टक्कर मारने के बाद विद्युत पोल से जा भिड़ा। आसपास के रहवासियों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। पुलिस के अनुसार, पिकअप में छह गौवंश थे, जिनमें से एक की मौत हो गई। शेष गौवंश को नगर की गौशाला भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में भूकंप के झटके, सुबह अंबिकापुर तो दोपहर में सिंगरौली में हिली जमीन, घरों से बाहर निकले लोग
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ गौवंश अधिनियम और दुर्घटना से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इधर, मृतका के परिजनों ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ ही परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।