
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। दलित युवक के खिलाफ कथित रूप से झूठा प्रकरण दर्ज किए जाने के विरोध में बुधवार को जिला और शहर कांग्रेस कमेटी ने एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण निरस्त करने और मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। पुलिस अधिकारियों से चर्चा के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए सात दिन का समय मांगा है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश परमार ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में दलित सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। संगठन मंत्री अजय राठौर ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।
यह भी पढ़ें- देवास में इंदिरा गांधी की प्रतिमा साफ नहीं होने पर भड़के कांग्रेस नेता, आधे घंटे एबी रोड जाम
घेराव के दौरान विधायक दिनेश जैन बोस, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, रवि राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि सात दिन में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।