
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर गुरुवार को उनकी प्रतिमा पर धूल जमी मिलने से कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। माल्यार्पण करने पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की लापरवाही के विरोध में इंदिरा गांधी चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर एबी रोड का यातायात रोक दिया।
करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। आखिरकार नगर निगम की फायर ब्रिगेड पहुंची और पानी की बौछार से प्रतिमा की धुलाई की गई। इसके बाद कांग्रेसियों ने जाम समाप्त किया।
गुरुवार सुबह इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। यहां प्रतिमा पर धूल जमी हुई थी और आसपास भी सफाई नहीं थी। इस पर कांग्रेसियों ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर भी प्रतिमा की साफ-सफाई नहीं कराई गई।
नाराज कांग्रेसियों ने चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर एबी रोड पर आवागमन रोक दिया। व्यस्त मार्ग पर अचानक यातायात थमने से बसों, कारों और दोपहिया वाहनों की कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे।
एबी रोड पर जाम के कारण आसपास की गलियों में वाहन चालक घुस गए, जिसके चलते वहां भी जाम जैसे हालात बन गए। इस दौरान एबी रोड पर हजारों वाहन फंसे रहे। सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेसी प्रतिमा की सफाई कराने की मांग पर अड़े रहे।
यह भी पढ़ें- देवास में बाइक सवार को बचाने में पलटा पाम ऑयल से भरा टैंकर, डिब्बे लेकर भरने पहुंचे लोग
आखिरकार नगर निगम की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मियों ने प्रेशर पाइप से पानी की बौछार कर प्रतिमा को धोया। सफाई होने के बाद कांग्रेसियों ने जाम समाप्त किया और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद एबी रोड पर यातायात सामान्य हो सका।
यह भी पढ़ें- Dewas Bus Stand: परमिट में लिखे समय से ही चलेंगी बसें, नियम तोड़ा तो होगी जब्त