
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जिले में पुलिस टीम पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। तीन दिन में दूसरी बार पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ है। शुक्रवार रात नीलगंगा थाना क्षेत्र के सांवराखेड़ी में सड़क किनारे शराब पी रहे युवकों को टोकना एफआरवी टीम को भारी पड़ गया। युवकों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की। हमले में आरक्षक प्रशांत खेरवार की अंगुली कट गई, जबकि एफआरवी वाहन के पायलट लोकेंद्र को भी चोटें आईं। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर आधा दर्जन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
टीआइ तरुण कुरील ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे आरक्षक विक्रम सिंह चौहान एफआरवी वाहन पर ड्यूटी कर रहा था। उसके साथ पायलट लोकेंद्र भी था। दोनों बाजार बंद कराने के लिए गश्त करते हुए सांवराखेड़ी रोड स्थित बंधन गार्डन के पास पहुंचे थे। वहां सड़क किनारे सात-आठ युवक शराब पी रहे थे। आरक्षक विक्रम सिंह ने युवकों को घर जाने के लिए कहा तो वे विवाद करने लगे। युवकों ने पायलट लोकेंद्र के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए।
युवकों के हंगामा करने और काबू में नहीं आने पर पुलिसकर्मियों ने वायरलेस सेट से सूचना देकर पुलिस टीम और दूसरी एफआरवी को मौके पर बुलाया। पुलिस टीम ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने आरक्षक प्रशांत खेरवार पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी अंगुली कट गई। घटना में एफआरवी पायलट लोकेंद्र को भी चोट लगी है। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से भाग निकले।
यह भी पढ़ें- एमपी के 16.70 लाख किसानों को दीवाली गिफ्ट, खातों में पहुंचे ₹317.86 करोड़, पीएम फसल बीमा के तहत मिली राशि
पुलिस ने विकास लोधी, अंकित चौहान और यश परमार, तीनों निवासी नीलगंगा क्षेत्र, को गिरफ्तार किया है। आरक्षक विक्रम सिंह चौहान की रिपोर्ट पर तीनों के नामजद सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। फरार युवकों की तलाश की जा रही है।
जिले में तीन दिन के भीतर पुलिस टीम पर हमले की यह दूसरी घटना है। इससे पहले उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में भी पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया था।