
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। प्रतिबंध के बावजूद कराई गई पाड़ों की लड़ाई शुक्रवार को एक परिवार की खुशियां छीन ले गई। देवउठनी एकादशी पर दोपहर उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में पाड़ों की लड़ाई के दौरान एक पाड़ा बेकाबू होकर दर्शकों की भीड़ में घुस गया और सात साल के बच्चे युवराज दायमा को कुचलते हुए सीने पर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आयोजन स्थल पर सुबह से ही पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया था। 12 जोड़ पाड़ों की लड़ाई करवाई जानी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सातवीं जोड़ लड़ाई में शुभम और सागर नामक व्यक्तियों के पाड़े शामिल थे। लड़ाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। इसी दौरान लड़ रहे पाड़ों में से एक बेकाबू होकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़ा।
लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी चपेट में आकर युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। युवराज कक्षा पहली का छात्र था। पिता आकाश वाहन चालक हैं। दोनों आयोजन स्थल पर कुछ दूरी पर बैठे थे। पिता आकाश ने इकलौते बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं सके।
यह भी पढ़ें- इटारसी की सड़क पर दो भैंसों में खूनी भिड़ंत... 1 घंटे तक हाईवे पर लगा जाम, दमकल की बौछारें भी बेअसर
बता दें कि पाड़ों की लड़ाई के दौरान पशुओं के बेकाबू होने से दर्शकों को खतरा बना रहता है, इसलिए उज्जैन जिले में पाड़ों की लड़ाई पर प्रशासन द्वारा काफी समय पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद देवउठनी एकादशी पर इसका आयोजन किया गया।
आयोजन किसने कराया और इसके लिए किसकी अनुमति ली गई थी, फिलहाल पुलिस के पास जानकारी नहीं है। नागझिरी थाना प्रभारी राकेश भारती का कहना है कि आयोजकों की जानकारी जुटाई जा रही है। जिनका नाम सामने आएगा, उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।