
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। रूई और गढ़ा के बीच गुरुवार सुबह कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11.15 बजे नागदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की उज्जैन की तरफ जा रहे परचूनी सामान से भरे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर फंस गई।
यह भी पढ़ें- मुरैना हाईवे पर दुर्घटना के बाद लगा 10 KM लंबा जाम, दोनों लेन में फंसी हजारों गाड़ियां
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। वहीं, ट्रक के पीछे चल रही एक अन्य कार भी उससे पीछे से टकरा गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार किसी को चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।