
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : दाऊदी बोहरा समुदाय के 53वें धर्मगुरु सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब से मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मजार-ए-नजमी पहुंचकर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत-सत्कार किया और आगामी सिंहस्थ-2028 में उज्जैन पधारने का न्योता दिया।
दोनों के बीच शहर और प्रदेश के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं तथा औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को लेकर काफी देर चर्चा हुई। सैयदना साहब ने मध्यप्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता जताई और इन प्रयासों में सहयोग का आश्वासन दिया।
सैयदना साहब मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे मजार-ए-नजमी में मुख्यमंत्री से मिले। चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, आजीविका के नए अवसर पैदा करने और उद्यम गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी विचार रखे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में अस्पतालों और औद्योगिक विस्तार में सहयोग के आश्वासन पर राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मजार-ए-नजमी पर श्रद्धा अर्पित की। उन्होंने नजमी परिसर में मौजूद देशभर से आए समाजजनों का भी अभिवादन स्वीकार किया।
सैयदना डा. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब सोमवार रात करीब 9.30 बजे उज्जैन पहुंचे थे। यहां आगमन के बाद वे सीधे खाराकुआं स्थित हसनजी बादशाह की दरगाह पहुंचे और जियारत की। इसके बाद कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पहुंचकर अपने पूर्वजों की मजार पर जियारत करने के बाद अपने कक्ष में विश्राम के लिए चले गए। मंगलवार सुबह उन्होंने एक बार फिर मजार-ए-नजमी में जियारत की। दोपहर में वे तराना के लिए रवाना हो गए।
पीआरओ अली असगर मोय्यदी ने बताया सैयदना साहब के उज्जैन प्रवास का संक्षिप्त कार्यक्रम था, इसलिए कदमबोशी नहीं हो पाई। वे जल्द ही फिर उज्जैन आएंगे और कुछ दिन यहां समाजजनों के बीच बिताएंगे। इस दौरान उज्जैन के समाजजनों ने उनसे आगामी मुहर्रम पर्व उज्जैन में ही रहकर मनाने का आग्रह भी किया।
यह भी पढ़ें- मौला के दीदार के लिए गिरते पानी में उमड़े समाजजन