
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन को देश की चारों शंकराचार्य पीठों के स्थायी आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गुरुवार को इसकी मंशा सार्वजनिक करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि उज्जैन में चारों पीठों के स्थायी मठ हों।
इनमें से दो मठों के मामले में पहल आगे बढ़ चुकी है। शृंगेरी पीठ का मठ ढेंढिया गांव में आकार ले चुका है, जबकि द्वारका शंकराचार्य की सहमति के बाद उनके मठ का निर्माण भी जारी है। शेष दो मठों को भी उज्जैन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सिंहस्थ-2028 से पहले सामने आया यह विजन उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नए स्तर पर ले जाने की कोशिश है। चारों पीठों के शंकराचार्यों के स्थायी केंद्र विकसित होने से उज्जैन देश की सनातन परंपरा के प्रमुख आध्यात्मिक विमर्श और धार्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण पड़ाव बन सकता है। मुख्यमंत्री का कहना है कि शंकराचार्य अपने भ्रमण के दौरान उज्जैन आकर ठहर सकेंगे। इससे सिंहस्थ के दौरान ही नहीं, बल्कि वर्षभर शहर में आध्यात्मिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
ढेंढिया गांव में नवनिर्मित श्रीशारदापीठ शृंगेरी शंकर मठ में गुरुवार को प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव हुआ। शारदा पीठ शृंगेरी के शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज की मौजूदगी में मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, भगवान गणेश, कार्तिक स्वामी, हनुमानजी और नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए वैदिक अनुष्ठान हुए।
कर्नाटक के शृंगेरी मठ से आए विद्वान ब्राह्मणों ने धार्मिक विधियां संपन्न कराईं। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती से भेंट कर आशीर्वाद लिया और अंगवस्त्र व फल की टोकरी भेंटकर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिगुरु शंकराचार्य ने देशभर में सनातन धर्म की ध्वजा स्थापित करने का महान कार्य किया था। उज्जैन में शृंगेरी पीठ का स्थायी मठ बनना इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन को विश्व धरोहर स्थल के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आध्यात्मिक महापुरुषों और शंकराचार्यों की उपस्थिति शहर की सांस्कृतिक गरिमा को और बढ़ाएगी। चारों पीठों के स्थायी स्थान विकसित होने से धार्मिक आयोजनों, आध्यात्मिक प्रवास और श्रद्धालुओं की गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में शुरू हुई 24 घंटे प्रसादी की व्यवस्था, अब लाइन में लगे भक्तों तक भी पहुंचेगा
सिंहस्थ-2028 के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए ये केंद्र विशेष महत्व रखेंगे। उज्जैन में महाकाल लोक के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों के साथ अब चारों शंकराचार्य पीठों को स्थायी रूप से जोड़ने की पहल शहर की दीर्घकालीन धार्मिक पहचान का नया अध्याय बन सकती है। हालांकि अभी दो पीठों के स्थानों की पहल ही सामने आई है। शेष दो पीठों की सहमति और उनके केंद्रों के विकास के बाद ही यह संकल्प पूरी तरह आकार ले सकेगा।
यह भी पढ़ें- महाकाल की नगरी से तय होगा दुनिया का समय, ‘साइंस सेंटर’ बनेगा भविष्य की प्रयोगशाला