
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। बाबा महाकाल के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त अब बिना प्रसादी के नहीं लौटेगा। मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुसार बुधवार से 24 घंटे प्रसादी वितरण की शुरुआत की है। भस्म आरती के दौरान मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर में पूरी रात यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बता दें अब तक भक्तों के लिए अल्प आहार व भोजन प्रसादी की व्यवस्था अन्नक्षेत्र में रहती थी। यह पहला मौका है जब मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार दर्शन की कतार में खड़े प्रत्येक भक्त को चलित व्यवस्था से महाप्रसादी का वितरण किया जा रहा है।
अन्नक्षेत्र प्रभारी उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया बुधवार को मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर में दोपहर बाद श्रद्धालुओं को दलिया, हलवा सहित अन्य प्रसाद परोसा गया। गुरुवार को सुबह छह बजे से सामान्य दर्शनार्थियों के लिए प्रसाद वितरण शुरू होगा। दिनभर अलग-अलग समय पर हलवा, मीठा पोंगल, पोहा, उपमा, दलिया, फलाहारी सामग्री, दूध, छाछ और चाय उपलब्ध कराई जाएगी।
बच्चों और माताओं के साथ आने वाले छोटे शिशुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है, उनके लिए दूध का इंतजाम रहेगा। जिन स्थानों पर महाप्रसादी का वितरण किया जा रहा है, वहां भक्तों के लिए पेयजल व हाथ धोने की व्यवस्था भी है। शुरुआती स्तर पर प्रतिदिन एक लाख श्रद्धालुओं तक प्रसाद पहुंचाने की तैयारी है। आवश्यकता के अनुसार इसकी क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले भक्तों को अब तक महाकाल महालोक के सामने स्थित अन्नक्षेत्र में निशुल्क में अल्पाहार व भोजन प्रसादी की व्यवस्था थी। भस्म आरती दर्शन करने आने वाले भक्तों को प्रतिदिन सुबह 6 बजे चाय और पोहा प्रसादी का वितरण किया जाता था। वहीं दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहती थी।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में देशभर से जुटेंगे विद्वान, 21 से 27 नवंबर तक होगा अखिल भारतीय कालिदास समारोह
लेकिन बुधवार से निशुल्क भोजन प्रसादी की यह सुविधा अन्नक्षेत्र की चार दीवारी से बाहर निकलकर भगवान महाकाल के दर्शन की कतार में खड़े भक्तों तक पहुंच गई है। अन्नक्षेत्र की संपूर्ण व्यवस्था भक्तों के लिए पूर्णत: निश्शुल्क है। यह व्यवस्था दान से संचालित होती है। देशभर के श्रद्धालु यहां भक्तों के लिए आटा, दाल, चावल, घी, तेल, शकर आदि खाद्य सामग्री दान करते हैं।
यह भी पढ़ें- महाकाल की भस्म आरती में आए दिल्ली के चार श्रद्धालुओं से मारपीट, उन्हीं पर FIR दर्ज