
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के केशव नगर में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने हफ्ता वसूली को लेकर कोचिंग संचालक को पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर हिंदूवादी संगठन के लोग भी पहुंच गए। दोनों पक्षों की ओर से पथराव हो गया। पुलिस ने एक बजरंग दल कार्यकर्ता को पीट दिया। पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हरिफाटक पुल के समीप यातायात जाम कर दिया, इसके बाद वे पुलिस कंट्रोल रूम पर धरने पर बैठ गए।
पुलिस ने बताया कि अजय जागरी निवासी केशव नगर कोचिंग संचालित करता है। सोमवार दोपहर करीब सवा 12 बजे अजय व पत्नी पूनम घर के बाहर खड़े थे। इस दौरान क्षेत्र में रहने वाले इमरान व आरिफ ऑटो से आए और दोनों ने कोचिंग संचालित करने पर हफ्ता देने की मांग की। अजय ने रुपये देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अजय को इमरान, आरिफ व अन्य लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें- शाजापुर के सरकारी स्कूल में छात्रों से शौचालय साफ कराने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गंभीर हालत में अजय को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।