
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में लंबे वीकेंड के कारण देशभर से हजारों श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन करने आ रहे हैं। शुक्रवार को अचानक भीड़ बड़ने तथा अव्यवस्थित यातायात के कारण हरसिद्धि चौराहा पर जनदबाव के कारण बैरिकेड गिर गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने व्यवस्था को संभाला सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे और व्यवस्था को सुचारू बनाया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शीघ्र दर्शन टिकट काउंटर बढ़ाकर एक से पांच कर दिए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार शाम को अव्यवस्थित यातायात के कारण हरसिद्धि चौराहा पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इससे बचने के लिए दर्शनार्थी तेजी से मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश करने लगे, इसके कारण जनदबाव बढ़ गया और बैरिकेडस गिर गए।
घटना का वीडियो इंटरनेट माध्यम पर तेजी से वायरल हुआ। मामले में सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया महाकाल महालोक, मंदिर परिसर तथा मंदिर के भीतर सुबह से ही सामान्य दर्शन व्यवस्था चलती रही। दिनभर में ढाई लाख से अधिक भक्त भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके थे। शाम को हरसिद्धि चौराहा का वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद भ्रम की स्थिति निर्मित हुई है।
श्रावण-भाद्रपद मास के बाद यह पहला अवसर है जब लंबा वीकेंड होने से मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ी है। शुक्रवार को गांधी जयंती तथा शनिवार व रविवार को अवकाश का दिन होने से मंदिर में देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शनार्थियों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट, बेटी के सामने मां को पीटा, बाल खींचकर छीना मोबाइल, Video वायरल