
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम सालनाखेड़ी में अवैध शराब की धरपकड़ करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम के कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही छतों से पत्थर बरसने लगे। हमले में महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है।
पथराव और मारपीट में महिला उपनिरीक्षक सहित आबकारी विभाग के छह कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें तीन को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपितों ने टीम से जब्त की जा रही अवैध शराब, नकदी, पर्स और शासकीय पहचान पत्र भी लूट लिए। माकड़ोन पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब रखी है। इस पर टीम मौके पर पहुंची तो जगदीश हाथ में झोला लिए खड़ा मिला। तलाशी लेने पर झोले में कच्ची शराब के पाउच मिले।
आबकारी टीम शराब जब्त करने की कार्रवाई कर रही थी, तभी जगदीश ने परिवार के सदस्यों और अन्य साथियों को आवाज लगाकर बुला लिया। इसके बाद आरोपितों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। छतों से भी पथराव किया गया। हमले में टीम के छह कर्मचारी घायल हो गए।
आरोपितों ने वाहनों में तोड़फोड़ कर जब्त शराब, नकदी, पर्स और शासकीय आईडी कार्ड भी छीन लिए। कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने जगदीश पुत्र रतनलाल चौहान उम्र 43 वर्ष और उसके पुत्र कुलदीप चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम सालनाखेड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है। पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सागर में शराब दुकानों पर डॉक्टरों को देख घटी बिक्री, प्रशासन बोला- हेल्थ चेकअप जरूरी नहीं
माकड़ोन थाना क्षेत्र का सतमेला इलाका सात गांवों से मिलकर बना है। इसमें रहवारी, बुखारी, हरूखेड़ी, रत्नाखेड़ी, मनासा, सालनाखेड़ी और बगवाड़ा शामिल हैं। यह क्षेत्र चुनाव आयोग की दृष्टि से भी अति संवेदनशील माना जाता है। सालनाखेड़ी में 20 अगस्त 2019 को भी बैतूल पुलिस की टीम पर हमला हुआ था।
उस समय एक आरोपित को पकड़ने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। इसमें पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था और बैतूल के एसआइ सहित अन्य पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई थीं। स्थिति ऐसी बनी कि पुलिस को आरोपित को छोड़कर वहां से भागना पड़ा था।