
नईदुनिया न्यूज, नागदा जंक्शन (उज्जैन) : एक युवक ने पिता से विवाद कर उनकी उंगली मुंह से काटकर अलग कर दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। इससे डर कर युवक ने एक कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो दिन पूर्व चेतनपुरा निवासी मनीष पुत्र प्यारेलाल आयु 22 वर्ष का अपने पिता प्यारेलाल से विवाद हो गया था। इसके चलते मनीष ने अपने पिता की उंगली मुंह से काट ली, इससे उंगली अलग हो गई। पिता ने अपने ही पुत्र के खिलाफ मंडी थाने में शिकायत की।
इस पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था। उसी दिन से मनीष लापता था। शनिवार को चेतनपुरा के कम मुंडेर के कुएं में शव दिखा, जिसकी पहचान मनीष के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
बता दें कि तीन माह पूर्व चेतनपुरा निवासी एक युवक का शव इसी कुएं में मिला था। मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मांग की है कि उक्त कुएं की मुंडेर की ऊंचाई बढ़वाई जाए, ताकि और कोई कुएं में गिरने से बच सके तथा कोई हादसा होने से रुक सके।
इस संबंध में थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि दो दिन पूर्व मृतक के खिलाफ उसके पिता ने पुलिस थाने में शिकायत की थी, जिस पर प्रकरण दर्ज कर लिया था, तब से ही वह घर से लापता था। पिता ने शिकायत में बताया था कि विवाद के बाद पुत्र ने दांतों से उसकी उंगली चबा दी, जिससे उंगली अलग हो गई थी।
यह भी पढ़ें- टमाटर चोरी के शक में ले ली बुजुर्ग की जान; बैतूल के धामोरी गांव की घटना, पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे को किया गिरफ्तार