
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मोक्षदायिनी मां शिप्रा को स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान बनाने के संकल्प के साथ शनिवार को संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा प्रारंभ हुई। त्रिशूल शिवगण वाहिनी द्वारा आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु शामिल हुए। रामघाट पर शिप्रा पूजन और संतों के आशीर्वचन के बाद यात्रा का शुभारंभ हुआ।
यात्रा के पहले दिन साधु-संतों और श्रद्धालुओं का जत्था शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए देवलघाट, ग्राम बोलासा, ग्राम शिप्रा होते हुए शिप्रा के उद्गम स्थल उज्जैनी पहुंचा। यहां केवड़ेश्वर धाम पर रात्रि विश्राम हुआ। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ शिप्रा संरक्षण और नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जनजागरण करना है।
चार दिवसीय यात्रा के दौरान शिप्रा के उद्गम से संगम तक विभिन्न धार्मिक स्थलों और घाटों पर पूजन, चुनरी अर्पण, स्वच्छता के लिए श्रमदान, वृक्षारोपण और धर्म चेतना सभाएं आयोजित की जाएंगी। यात्रा 25 नवंबर को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद रामघाट पर संपन्न होगी।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में सूखे के बीच सिंहस्थ के पवित्र स्नान की तैयारी, शिप्रा के लिए जल प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती
समापन अवसर पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण के बाद संतों के सानिध्य में धर्म चेतना सभा होगी। इस दौरान ‘एक दीया शिप्रा के नाम’ अभियान के तहत दीपदान भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं से दीप नदी में प्रवाहित करने के बजाय घाटों पर ही प्रज्वलित करने की अपील की गई है।