
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : हर साल कार्तिक मास (देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक) पारंपरिक गधों का मेला लगता है। यह क्षिप्रा नदी के तट पर कार्तिक मेला ग्राउंड बड़नगर रोड पर लगता है। इस बार 21 नवंबर से इसकी शुरुआत होगी, जो पूर्णिमा 24 नवंबर तक चलेगा। गधों के मेले की तैयारी शुरू हो गई है।
बड़नगर रोड पर जगह नहीं होने पर व्यापारियों ने अपने गधे नृसिंह घाट ब्रिज के सामने मालियों के बगीचे में जगह किराये पर लेकर फिलहाल रखे हैं। उल्लेखनीय है कि मेले में गधों की कीमत उनके दांत देखकर और उनके कद-काठी के अनुसार तय की जाती है, जो आमतौर पर 4,000 से 15,000 रुपए तक होती है। इसके अलावा यहां घोड़े भी बिक्री के लिए लाए जाते हैं।
यहां बिकने वाले गधों और खच्चरों के नाम बॉलीवुड सितारों और चर्चित हस्तियों जैसे— सलमान, शाहरुख, आलिया, रणबीर, पुष्पा, तेजस्वी, ओवैसी आदि के नाम पर रखे जाते हैं। देश में तीन जगह गधे के प्रसिद्ध मेले लगते हैं। इनमें राजस्थान के लूणियावास जयपुर, प्रदेश के चित्रकूट सतना और तीसरा उज्जैन में लगता है।
गधों और घोड़ों का व्यापार करने वाले कारोबारी यहां अपने जानवर लाने लगे हैं। वे अपने गधों व गधियों के नाम भी बॉलीवुड सितारों के नाम पर रखते हैं। इससे खरीदने वाले आकर्षित होते हैं और वे इन जानवरों के लिए महंगे दाम भी लगाते हैं। बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकारों के नाम पर जानवरों के नाम होने से सभी लोगों का आकर्षण इस ओर रहता है। इन नामों में सलमान, शाहरुख, ऐश्वर्या, दीपिका आदि नाम रहते हैं।