
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : मोहन नगर में बदमाशों ने एक व्यक्ति की कार के कांच फोड़कर दहशत फैला दी। आरोप है कि बदमाश अवैध वसूली के लिए दबाव बना रहे थे और धमकाकर डराने का प्रयास कर रहे थे। मामले में पुलिस ने गुर्जर गैंग के अनमोल गुर्जर और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मोहन नगर निवासी मदनलाल पुत्र हरदास हेयर सैलून की दुकान संचालित करता है। उसकी स्कार्पियो कार घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान ढांचा भवन निवासी गुर्जर गैंग का बदमाश अनमोल गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा।
आरोप है कि बदमाशों ने मदनलाल पर अवैध वसूली के लिए दबाव बनाया और उसे डराने-धमकाने लगे। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए उसकी स्कार्पियो के कांच फोड़ दिए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने चारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अनमोल गुर्जर देवासगेट थाना क्षेत्र में कुछ महीने पहले हुई चाकूबाजी की घटना में भी आरोपित है। वह लंबे समय से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी अवैध वसूली, चाकूबाजी और डराने-धमकाने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। गुर्जर गैंग से जुड़े कुछ बदमाशों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल जेल में हैं।
गुर्जर गैंग का आतंक पहले भी सामने आ चुका है। कुछ साल पहले पुलिस ने गैंग के बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान गोली चलाई थी। उस समय अनमोल गुर्जर नाबालिग था। पुलिस से बचने के लिए एक मकान से कूदकर भागने के प्रयास में वह घायल हो गया था। अब मोहन नगर में कार के कांच फोड़ने की घटना के बाद गुर्जर गैंग की गतिविधियां फिर चर्चा में आ गई हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- Video: इंदौर में गुंडे ने जिस हाथ में चाकू उठाया वो टूट गया, सिटी बस में की साफ सफाई