
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी तिलक वर्मा और कुलदीप यादव ने सोमवार सुबह महाकाल की भस्मारती के दर्शन किए। वे यहां रविवार को इंदौर में वेस्टइंडीज के साथ टी-20 मैच खेलने पहुंचे थे। इसमें भारतीय टीम ने जीत हासिल की। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी जब भी इंदौर में मैंच खेलने पहुंचते हैं तो वे उज्जैन में बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने जरूर आते हैं।
इनके पहले भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने रविवार को ज्योतिर्लिंग महाकाल व कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन किए। बता दें गौतम गंभीर इससे पहले भी स्वयं व परिवार के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने आते रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गौतम गंभीर रविवार तड़के महाकाल मंदिर पहुंचे तथा भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए।
इसके बाद उन्होंने नंदी मंडपम में बैठकर भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की। महाकाल दर्शन के बाद गंभीर कालभैरव पहुंचे तथा गर्भगृह से भगवान कालभैरव के दर्शन व पूजा अर्चना की। बताया जाता है इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक तथा सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद थे।