
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद इंदौर की 20 वर्षीय युवती को उज्जैन बुलाकर उससे चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती ने वीडियो जारी करके पांच युवकों पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने उसकी लिखित शिकायत के आधार पर दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
युवती का आरोप है कि आरोपितों ने मारपीट करते हुए उसके निजी अंग में प्लास्टिक का पाइप भी डाल दिया और इंदौर में छोड़कर चले गए।
युवती के अनुसार, कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती उज्जैन के जयसिंहपुरा निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। सोमवार को चक्रेश के बुलाने पर वह बस से शाम साढ़े सात बजे उज्जैन पहुंची। मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने साथी के साथ कार में मिला। युवती का आरोप है कि दोनों उसे कार में घुमाते रहे। बाद में तीन अन्य युवक भी कार में सवार हो गए।
युवती ने आरोप लगाया कि कार के अंदर ही उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध पर मारपीट की गई। उसने निजी अंग में प्लास्टिक का पाइप डालकर घायल करने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद आरोपित उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए।
युवती के मुंहबोले भाई के अनुसार, रात करीब नौ बजे युवती का फोन आया। इसके बाद वह उसे लेकर उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंचा। रात करीब 12 बजे शिकायत दर्ज कराई गई। सीएसपी श्वेता गुप्ता के अनुसार, मेडिकल परीक्षण में युवती के निजी अंगों पर चोट नहीं पाई गई है। अभी जांच जारी है।