
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के लिए शहर में सड़कों के चौड़ीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी है, लेकिन कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग पर खड़े हनुमान की मूर्ति का विस्थापन प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। मूर्ति को बिना नुकसान सुरक्षित स्थानांतरित करने के लिए अब तक इंदौर, भोपाल और दिल्ली की तीन तकनीकी विशेषज्ञ टीमों से जांच कराई जा चुकी है।
इसके बावजूद विस्थापन तय नहीं हो पाया है। अब प्रशासन को विशेषज्ञों की रिपोर्ट और अंतिम तकनीकी फैसले का इंतजार है। मंदिर का मुख्य ढांचा चार सितंबर को हटाया जा चुका है, लेकिन करीब आठ फीट ऊंची मूर्ति अब भी अपने मूल स्थान पर है।
इसे हटाने की कोशिश सितंबर में की गई थी, लेकिन मूर्ति अपने आधार में मजबूती से स्थापित होने के कारण विस्थापन संभव नहीं हो सका। इसके बाद प्रशासन ने जल्दबाजी के बजाय तकनीकी विशेषज्ञों की मदद लेने का निर्णय लिया।
मूर्ति की जमीन के भीतर की स्थिति और आधार की गहराई समझने के लिए सबसे पहले इंदौर के विशेषज्ञों से परीक्षण कराया गया। इसके बाद 29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे भोपाल से आई टीम ने इलेक्ट्रानिक उपकरणों की मदद से मूर्ति और उसके बेस की स्कैनिंग की।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर में आधी रात पहुंची भोपाल की टीम, मूर्ति के बेस की गहराई जांची
एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग की मौजूदगी में हुई इस जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए। इसके बाद 22 नवंबर को दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम पहुंची। टीम ने सुबह करीब 6 बजे मूर्ति के आसपास उपकरण लगाकर तकनीकी परीक्षण किया। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में अब दिल्ली की टीम ने की खड़े हनुमान की मूर्ति की जांच