
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती और चांदी द्वार से दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी के मामले में उज्जैन पुलिस ने सोमवार को रतलाम से दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रतलाम के अंजनी धाम कॉलोनी निवासी आरोपी स्वराज पंवार (35) ने 12 लोगों से 1,500-1,500 रुपये भस्म आरती एवं चार श्रद्धालुओं से 20 हजार रुपये लेकर चांदी द्वार से दर्शन करवाने की बात स्वीकारी है। कोर्ट ने उसे बुधवार तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
दरअसल, इसी मामले में पुलिस ने रविवार को गाजियाबाद के कोचिंग संचालक निशांत शर्मा (22) को गिरफ्तार किया था। निशांत ने बताया कि तीन माह पहले उज्जैन में उसकी मुलाकात स्वराज पंवार से हुई थी। उसने कमीशन का लालच देकर इंस्टाग्राम पर भस्म आरती दर्शन की रील डलवाई।
इसमें भस्म आरती और देहरी दर्शन करवाने का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि दर्शन के बदले श्रद्धालुओं से दो से पांच हजार रुपये तक वसूले जाते थे।
टीआई गगन बादल ने मंदिर के कुछ कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की भूमिका पर भी संदेह जताया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ कर इस पूरे सिंडिकेट और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- 8.30 करोड़ की लागत से बनी इंदौर फूड लैब में शुरू होगी जांच, 1 साल बाद मिली मंजूरी; स्टाफ की कमी बनी चुनौती