
Fire in Mahakal Bhasma Aarti: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में गत सोमवार को धुलेंडी(रंग पर्व) के दिन भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में लगी आग की मजिस्ट्रियल जांच जारी है। जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि आग केमिकलयुक्त गुलाल उड़ाने से ही भभकी थी।
जांच अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज से इसके सुबूत मिले हैं। गुरुवार को जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट कलेक्टर नीरज सिंह को सौंपी जाएगी। केमिकलयुक्त गुलाल भीतर कैसे पहुंचा, किस-किस ने उड़ाया, इन सभी बिंदुओं पर जांच के आधार पर कार्रवाई की भी तैयारी कर ली गई है।
जांच समिति में शामिल अधिकारियों ने मंदिर कर्मचारियों, पुजारियों, सेवकों सहित 20 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। गुलाल के नमूने लेकर इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। इस बीच दर्शनार्थियों को भीतर भेजने से पहले मोबाइल आदि सख्ती से बाहर ही रखवाया जा रहा है।
नंदी हाल में फिलहाल प्रवेश रोका गया है। मंदिर प्रबंध समिति ने यह तय किया है कि शनिवार 30 मार्च को रंग पंचमी पर भगवान को एक लोटा रंग अर्पित किया जाएगा। यह टेसू के फूलों और केसर से बना हुआ होगा।

इसे पुजारियों को मंदिर प्रबंध समिति ही उपलब्ध कराएगी। महाकाल मंदिर में सूखा रंग और गुलाब प्रतिबंधित रहेगा। बता दें कि 25 मार्च को रंग पर्व के दिन भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई थी। इसमें मंदिर के पुजारी व सेवकों समेत 14 लोग झुलस गए थे। घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित हो रहा है।
जिसमें भस्म आरती के दौरान पांच-छह लोग गुलाल उड़ाते दिख रहे हैं। इसी दौरान आग भभकती है। मंदिर प्रशासक के अनुसार अब भस्म आरती में सेवकों की संख्या भी कम होगी। मंदिर प्रबंध समिति अग्निकांड में घायल पुजारियों और सेवकों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि भी देगी। मंदिर में सख्ती का असर दिखने लगा है। बुधवार को भस्म आरती के दौरान चुनिंदा लोग ही उपस्थित रहे।