
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों के साथ मारपीट और बाउंसर्स के रवैये को लेकर अब सियासी पारा चढ़ने लगा है। दिल्ली के चार श्रद्धालुओं से हुई बदसलूकी के बाद भाजपा नेता ही अपनी सरकार में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
पहले भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने गार्ड्स की गुंडागर्दी पर नाराजगी जताई थी, और अब आलोट से भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय ने भी सोशल मीडिया पर मंदिर समिति को जमकर कोसा है।
यह पूरा विवाद मंगलवार सुबह भस्म आरती के दौरान हुआ। मंदिर समिति की सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ पवन शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि त्रिवेणी द्वार के पास कुछ श्रद्धालुओं ने बैरिकेड तोड़कर लाइन से बाहर जाने की कोशिश की। इसी बात पर दिल्ली से आए जतिन, अनुज, अमर और सत्यम नाम के श्रद्धालुओं की गार्ड्स से झड़प हो गई। इसके बाद मंदिर प्रशासन ने चारों पर केस दर्ज करवा दिया, जिससे सुरक्षा गार्ड्स की कार्यशैली सवालो के घेरे में आ गई।
विधायक मालवीय ने सिर्फ इसी घटना का जिक्र नहीं किया, बल्कि अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज के साथ हुए दुर्व्यवहार की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले महाराज जी के साथ भी ऐसी ही घटना हुई थी। उन्होंने काल भैरव मंदिर में फैली अव्यवस्थाओं की तरफ भी इशारा किया और कहा कि उज्जैन के सभी नेताओं और पुजारियों को इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- सांची दूध हुआ महंगा पर किसानों के हाथ खाली, लागत बढ़ने से परेशान उत्पादक करेंगे आंदोलन
विधायक से पहले भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं। उन्होंने साफ कहा था कि महाकाल मंदिर में गार्ड्स के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे किसी की परवाह नहीं करते। उन्होंने याद दिलाया कि उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अपना शहर है। ऐसे में रोज हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ऐसी घटनाओं से न केवल मंदिर की, बल्कि शहर और प्रशासन की भी छवि खराब हो रही है।