
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ईरान द्वारा दुबई पर किए हमले में भारत के कई नागरिक फंसे हुए हैं। इनमें ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के पुजारी पं. विकास शर्मा भी शामिल हैं। पं. शर्मा पांच दिवसीय यात्रा पर दुबई गए हुए थे। वापसी में फ्लाइट रद्द होने के बाद वे दुबई में ही फंसे हुए हैं। बताया जाता है वे बुर्ज खलीफा क्षेत्र में ही ठहरे हुए थे।
यह क्षेत्र हमले का केंद्र होने के कारण उन्हें अन्यत्र ठहराया गया है। जानकारी के अनुसार वे 28 फरवरी की रात भारत लौटने के लिए फ्लाइट में सवार हुए थे। करीब ढाई घंटे तक वे विमान में बैठे रहे। बाद में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हमला होने की जानकारी देते हुए फ्लाइट रद्द कर दी।
जानकारी मिलने पर परिजन चिंतित हो गए तथा फोन से बात की। एयरपोर्ट कब तक बंद रहेगा फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं है।
बता दें कि इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच छिड़े युद्ध के कारण यूएई सहित अन्य खाड़ी देशों से हवाई कनेक्टिविटी पूरी तरह से टूट चुकी है। इसकी वजह से उड़ान उपलब्ध नहीं हैं, जिसकी वजह से लोगों को यूएई में ही रुकना पड़ रहा है।
यूएई का एयरस्पेस बंद होने से भारत से जाने और आने वाली सभी उड़ानें निरस्त रहीं। इंदौर और प्रदेश के सैकड़ों लोग दुबई और शारजाह में फंसे हुए हैं। वापसी की उड़ान नहीं होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- बुरहानपुर की बेटी कनन समेत 85 छात्र दुबई में फंसे, वतन वापसी के लिए परिजनों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार
टूर पर घूमने जाने वाले लोगों को सर्वाधिक परेशानी उठाना पड़ रही है। इनको उड़ान नहीं होने से दोबारा होटल में बुकिंग करवाने के साथ ही अतिरिक्त राशि चुकाना पड़ रही है। ट्रेवल्स एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि इंदौर और प्रदेश से सर्वाधिक यात्री दुबई जाते हैं।