उज्जैन के होटल में बड़ा हादसा, वेस्टेज चैंबर में गिरने से चार कर्मचारियों की मौत
शहर के देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 01:29:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 01:29:16 AM (IST)
चार कर्मचारियों की दर्दनाक मौत, नईदुनियाHighLights
- होटल श्री गंगा में देर रात हुआ हादसा
- चार कर्मचारियों की दर्दनाक मौत
- वेस्टज चैंबर में सफाई के लिए उतरे थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। शहर के देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर में गिरने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। देर रात तक रेस्क्यू चलता रहा। हादसे में कुछ अन्य कर्मचारी घायल भी हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल के दायीं ओर वेस्टेज चैंबर है। यहां मिष्ठान, डेयरी उत्पाद आदि का वेस्टज चैंबर है। शनिवार रात करीब 10.30 बजे कुछ कर्मचारी सफाई करने चैंबर में उतरे थे। बताया जाता है कि वे चैंबर की गहराई और गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल पाए।
घटना की सूचना मिलते ही होटल स्टाफ व अन्य कर्मचारी चैंबर तक पहुंचे। बचाव दल, एम्बुलेंस, पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। देर रात तक रेस्क्यू जारी था।
अन्य कर्मचारी भी घायल
चैंबर में उतरे कर्मचारियों को बचाने के लिए कुछ अन्य कर्मचारी भी प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वे भी गैस की चपेट में आए हैं। इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।
क्या होता है मिठाई दुकानों का वेस्टेज चैंबर
वेस्टेज चैंबर मिठाई दुकानों की निर्माण इकाई से निकलने वाले कचरे, पानी, चाशनी, घी-तेल इत्यादि के अवशेष को ठीक तरीके से ड्रैनेज तक पहंचाता है। इसके जाम होने से समस्या खड़ी होती है। ऐसे ही सफाई के लिए होटल श्री गंगा के कर्मचारी चैंबर में उतरे थे।