
Mangalnath Temple Ujjain: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर में एक बार फिर दर्शनार्थी के साथ अभद्रता व रुपये के लेनदेन में अनियमितता का मामला सामने आया है। मंगलवार को मंदिर कर्मचारी दिलीप गुप्ता ने भोपाल के एक श्रद्धालु से अभद्रता की तथा पूजन की रसीद के नाम पर 1500 रुपये छीन लिए।
दर्शनार्थी रसीद के लिए इधर उधर भटकता रहा। बाद में श्रद्धालु ने अपनी साथ हुए दुर्व्यवहार की शिकायत चिमनगंज मंडी थाने में की। प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी सुधीर सिंगरोली मंगलवार को अपने माता पिता के साथ भगवान मंगलनाथ के दर्शन करने मंदिर पहुंचे।
दर्शनार्थी माता पिता की तीर्थ यात्रा पूरी होने के बाद मंगलनाथ के दर्शन व शिप्रा पूजन कराना चाहते थे। इसलिए अपने साथ पंडित को भी लेकर आए थे। भगवान मंगलनाथ के दर्शन के बाद श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिर के समीप शिप्रा तट पर अपने पंडित से पूजा अर्चना करा रहे थे।
इसी दौरान मंदिर कर्मचारी दिलीप गुप्ता मौके पर पहुंचा तथा पूजन में व्यवधान उत्पन्न करते हुए रुपये की मांग की। इस पर सुधीर सिंगरोली ने कहा कि हम मंदिर में पूजा कराने नहीं आए हैं, हमारे पंडित से व्यक्तिगत पूजा करा रहे हैं। इस पर कर्मचारी ने श्रद्धालु के साथ अभद्रता करते हुए अपशब्द कहे तथा बलपूर्वक 1500 रुपये छीन लिए।

पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालु 1500 रुपये की रसीद लेने के लिए मंदिर कार्यालय पहुंचे, लेकिन इस बीच कर्मचारी रफूचक्कर हो गया। काफी देर तक ढूंढने के बाद भी दर्शनार्थियों को जब दिलीप गुप्ता नहीं मिला तो श्रद्धालुओं ने अपने साथ हुई ठगी कि शिकायत चिमनगंज मंडी थाने में की।
बताया जाता है उक्त कर्मचारी पर पूर्व में भी विवाद व रुपये के लेनदेन में अनिनयमितता के आरोप लग चुके हैं। मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों का कहना है कि आए दिन हो रहे इस प्रकार के मामलों से देशभर में मंगलनाथ मंदिर की छवि धूमिल हो रही है। मंदिर प्रबंध समिति व धर्मस्व विभाग को इस प्रकार के मामलों की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करना चाहिए।
मंगलनाथ मंदिर परिक्षेत्र में कहीं भी व्यक्तिगत पूजा कराने पर भी शासकीय रसीद कटवाना अनिवार्य है। मंगलवार को श्रद्धालु की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जानकारी तलब की थी। पुलिस को संपूर्ण घटनाक्रम से अवगत कराया गया है। - कृष्ण कुमार पाठक, प्रशासक मंगलनाथ मंदिर