उज्जैन में मिलने के बहाने बुलाकर नाबालिग छात्रा से किया गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
चिमनगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा को मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। छात्रा को उसका परिचित नाबालिग...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 04:31:49 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 04:40:14 PM (IST)
नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म। (प्रतीकात्मक तस्वीर)HighLights
- 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है
- छात्रा को उसका परिचित नाबालिग अपने घर ले गया, जहां दुष्कर्म किया
- इसके बाद वह उसे अपने दोस्त के कमरे पर ले गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : चिमनगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा को मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। छात्रा को उसका परिचित नाबालिग पहले अपने घर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद वह उसे जीवाजीगंज क्षेत्र स्थित अपने दोस्त के कमरे पर ले गया। वहां पहले से मौजूद उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्रा के साथ फिर दुष्कर्म किया गया। आरोपितों ने घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
वह लगातार सहमी और गुमसुम रही
छात्रा के 26 सितंबर को लापता होने पर स्वजन ने चिमनगंज थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने शुरुआत में अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। 27 सितंबर को छात्रा किसी तरह घर लौट आई, लेकिन डर के कारण उसने स्वजन को अपहरण की बात ही बताई। वह लगातार सहमी और गुमसुम रही। हालत देखकर स्वजन ने उससे प्यार से पूछताछ की तो उसने रोते हुए पूरी घटना बताई।
महिला अधिकारी के सामने खोला राज
पीड़िता के बयान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज किए गए। उसने बताया कि स्कूल में साथ पढ़ने वाले सीनियर से उसकी पहचान थी। 26 सितंबर को उसने मिलने के बहाने बुलाया और अपने घर ले गया। वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद वह उसे जीवाजीगंज स्थित अपने दोस्त के कमरे पर ले गया, जहां पहले से अन्य साथी मौजूद थे। पीड़िता के अनुसार सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर धमकी दी।
मेडिकल में पुष्टि, बढ़ाई गैंगरेप और पॉक्सो की धाराएं
चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि मामला सामने आने के बाद जांच उपनिरीक्षक प्रीति चौहान को सौंपी गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद अपहरण की एफआइआर में गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई।
जांच अधिकारी प्रीति चौहान के अनुसार पुलिस ने दबिश देकर लक्की निवासी महावीर नगर और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने लक्की को केंद्रीय जेल भैरवगढ़ और नाबालिग को बाल संप्रेषणगृह भेजने के आदेश दिए। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होगा कि आरोपित नाबालिग है अथवा बालिग।