
राज कौशिक, नईदुनिया, उज्जैन। भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत मंगलवार को उज्जैन पहुंचे रामकथा वक्ता मोरारी बापू ने सनातन धर्म के संरक्षण और उसकी मूल विचारधारा को लेकर महत्वपूर्ण बात कही। पौराणिक सांदीपनि आश्रम के समीप आयोजित एक दिवसीय रामकथा में उन्होंने कहा कि धर्मस्थलों और देवस्थानों में सनातन का विरोध करने वालों का प्रवेश नहीं होना चाहिए।
सनातन की मूल धारा अक्षुण्ण बनी रहे, इसके लिए सदियों तक इस परंपरा का पालन किया जाना चाहिए। सनातन धर्म किसी के प्रति दुर्भावना या बैर नहीं रखता, लेकिन उसकी आस्था और मूल विचारधारा पर कुठाराघात के प्रयासों को भी स्वीकार नहीं किया जा सकता।
13 नवंबर को द्वारका से रवाना हुई दूसरे चरण की भारत स्वस्तिक यात्रा का उज्जैन चौथा पड़ाव रहा। रामकथा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कथा के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। उज्जैन में एक दिन के प्रवास के बाद भारत स्वस्तिक यात्रा दो विशेष ट्रेनों से नागपुर के लिए रवाना हो गई।
रामकथा के दौरान मोरारी बापू ने कहा कि आज सनातन धर्म के लिए विशेष जागरण की आवश्यकता है। कई धर्म और उपासना पद्धतियां ऐसी हैं, जो अपने तीर्थस्थलों में सनातन धर्म के अनुयायियों को प्रवेश तक नहीं करने देतीं। सनातन धर्म सभी के कल्याण, मंगल और शुभ की कामना करता है। किसी का निषेध या विरोध करना इसकी मूल भावना नहीं है।
बापू ने बताया कि वे जगत कल्याण का मंत्र लेकर और आदि जगद्गुरु शंकराचार्य के पदचिह्नों पर भारत स्वस्तिक यात्रा लेकर निकले हैं। उन्होंने सनातन की तुलना वटवृक्ष से करते हुए कहा कि इसकी डालियों पर झूलें, घोंसले बनाएं और इसकी छाया में विश्राम करें, लेकिन इसकी जड़ों को काटने का प्रयास न करें।
मोरारी बापू ने उज्जैन में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछली यात्रा की तुलना में अब शहर में काफी सुधार दिखाई दे रहा है। सोमनाथ, अयोध्या, काशी, वृंदावन, बेट द्वारका और प्रयाग सहित देश के सभी तीर्थस्थलों का विकास उज्जैन की तरह होना चाहिए। तीर्थों पर श्रद्धालुओं को सुविधाएं देना भी कल्याणकारी और स्वस्तिक कार्य है।
बापू ने घोषणा की कि 2028 के सिंहस्थ कुंभ में वे रामचरितमानस लेकर आएंगे और ‘मानस महादेव’ शीर्षक से रामकथा का गायन करेंगे। उन्होंने महाकाल की नगरी के प्रति विशेष आकर्षण जताया।
बापू ने कहा कि उनकी प्रत्येक सुबह महाकाल के मंदिर में ही होती है। सुबह उठते ही महाकाल का भाव जागता है। उन्होंने कहा कि स्नान के समय अहंकार और दंभ त्यागकर भावपूर्वक रुद्राष्टक का पाठ किया जाए तो घर में भी महाकाल का मंदिर अनुभव किया जा सकता है।
मोरारी बापू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जनसेवा का जो अवसर मिला है, उसका वे सदुपयोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पद की गरिमा निभाते हुए व्यासपीठ को आदर देने स्वयं आए हैं। राज्य का राजा स्वयं धर्मसभा में आए तो यह शुभ संकेत है।
उन्होंने कहा कि हनुमानजी महाराज से प्रार्थना है कि मुख्यमंत्री के मन में मध्य प्रदेश की जनता के हित के जो भी कार्य हैं, वे सभी पूरे हों। बापू ने मुख्यमंत्री के संबोधन की भी सराहना की। कहा- आमतौर पर राजनेता लिखकर लाया हुआ भाषण पढ़ते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने बिना कुछ लिखे अपने मन की बात सहजता से कही।
यह भी पढ़ें- ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में मोरारी बापू की कथा, बोले- कलियुग में विपरीत परिस्थितियों को सहना ही तप
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकथा समाज को जोड़ने और अध्यात्म की ओर ले जाने का माध्यम है। सरकार गौशालाओं के निर्माण और गोपालन को प्रोत्साहित कर रही है। इससे दूध उत्पादन, किसानों की आय और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- Ujjain News: मोरारी बापू ने कहा- जीवन में वाह-वाह के साथ स्वाह की भी हो भावना, स्कूल पढ़ाया जाए सनातन का इतिहास