
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। नया आविष्कार करने के लिए अब तक अच्छे आइडिया के साथ करोड़ों की मशीनें और महंगी लैब भी जरूरी थी। उज्जैन में 237 करोड़ रुपये से बनने वाला डीप टेक पार्क इस मजबूरी को खत्म करने की तैयारी है। यहां युवा पूरा लैब सेटअप खरीदे बिना अपने आइडिया को मशीन, मॉडल और उत्पाद में बदल सकेंगे। यानी आइडिया की परीक्षा होगी और उसमें दम हुआ तो वह उत्पाद का रूप लेगा।
विक्रम उद्योगपुरी के द्वितीय चरण में 100 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस पार्क का नाम 'वराहमिहिर पार्क' होगा। यह प्रदेश का पहला डीप टेक पार्क होगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब निर्माण और सुविधाएं विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इसका उद्देश्य केवल कंपनियों को जमीन देना नहीं, बल्कि नई तकनीक पर काम करने वालों को शोध, प्रयोग और उत्पाद की जांच के संसाधन एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है।
पार्क में रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर चिप, सेंसर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मेडिकल उपकरण और नई तरह की सामग्रियों पर शोध हो सकेगा। इसके लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं और जांच केंद्र बनेंगे। इन तकनीकों का उपयोग मोबाइल, मशीनों, अस्पतालों के उपकरणों और औद्योगिक उत्पादन में होता है। स्टार्टअप के साथ पहले से काम कर रही कंपनियां भी यहां अपने उत्पादों की कमियां पहचान कर सुधार कर सकेंगी।
थ्री-डी प्रिंटिंग पार्क की महत्वपूर्ण सुविधाओं में शामिल होगी। किसी नई मशीन या उपकरण को सीधे बड़े स्तर पर बनाने के बजाय पहले उसका छोटा मॉडल तैयार होगा। इसकी बनावट और कार्यक्षमता जांची जाएगी और जरूरत के अनुसार डिजाइन बदलकर उत्पादन की ओर बढ़ा जाएगा। इससे समय और शुरुआती लागत कम करने में मदद मिलेगी। मेडिकल उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा और उन्हें संक्रमणमुक्त रखने के लिए विशेष सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।
स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को तकनीकी संसाधन, उत्पाद तैयार करने और कारोबार बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साझा प्रयोगशालाओं के कारण हर महंगी मशीन अलग से नहीं खरीदनी होगी। पहले से संचालित कंपनियां भी इन सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगी। इससे शोधकर्ताओं और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सड़क मरम्मत में लापरवाही, डेढ़ माह में उखड़ा डामर; जोन कार्यालय के सामने बिखरी गिट्टियां