
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेलवे पुल नंबर दो से कांचघर की ओर जाने वाले मार्ग पर अमृत योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी।
इसके बाद ठेकेदार ने खोदे गए हिस्से में डामरीकरण कर मरम्मत कार्य पूरा कर दिया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज डेढ़ माह में ही सड़क का डामर उखड़ने लगा है।
यह भी पढ़ें- पराली जलाने पर देश में नंबर वन ग्वालियर, अब तक 1082 घटनाएं; दतिया, श्योपुर और जबलपुर में बढ़े मामले
सड़क पर बिखरी गिट्टियां
सेठ गोविंददास धर्मशाला स्थित जोन क्रमांक 11 के कार्यालय के ठीक सामने सड़क की गिट्टियां बिखर गई हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैली गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और अनियंत्रित होने का खतरा बना हुआ है।
कई बार तेज रफ्तार वाहनों के चालक संतुलन खो बैठते हैं। व्यस्त मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। राहगीरों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति किए जाने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में कोर्ट के स्टे छिपाकर कॉलोनियां काटीं, शिकायत के बाद टीएंडसीपी ने बिल्डरों को जारी किए नोटिस