
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। शक्तिपीठ हरसिद्धि माता मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारी जारी है। इस बार भक्त रेड कारपेट पर चलकर माता हरसिद्धि के दर्शन करने पहुंचेंगे। मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा के लिए नया प्रवेश द्वार बनवाया है। परिसर में धूप, बारिश से बचाव के लिए विशाल शेड का निर्माण किया गया है। जूता स्टैंड, शीतल पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के भी स्थाई इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर प्रबंधक इंद्रेश लोधी ने बताया शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर जोरदार तैयारी जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से इस बार का पर्व विशेष रहने वाला है। पहली बार दर्शनार्थियों के प्रवेश व निर्गम के लिए विशेष मार्ग का निर्माण किया गया है। परिसर में विशाल स्थायी शेड बनकर तैयार है।
भक्तों को शीतल पेयजल, प्रसादालय आदि की सुविधा भी मिलने वाली है। मंदिर के बाहर नया जूता स्टैंड का निर्माण भी कराया गया है। नवरात्र में माता के दर्शन करने आने वाले भक्तों को अलग ही अनुभूति होगी। दीपमालिका के आसपास स्टील की रैलिंग से सुरक्षा दीवार बना दी गई है।
शारदीय नवरात्र में मंदिर के आसपास साफ सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण से मुक्ति, सुगम यातायात की सुविधा तथा मंदिर परिक्षेत्र को भिक्षुक मुक्त रखने के लिए विभिन्न विभागों को पत्र लिखा गया है। नवरात्र में मंदिर परिसर स्थित सभागृह में विश्राम करने वाले लोगों पर भी रोक रहेगी।
शारदीय नवरात्र में शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में भक्त सामूहिक रूप से दीपमालिका प्रज्वलित कर सकेंगे। भक्त 3100 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से दीपमालिका की बुकिंग कर सकते हैं। भक्त दीपमालिका प्रज्वलित कराने के लिए तेल, बाती आदि भी दान कर सकते हैं।