
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। इंटरनेट मीडिया स्नैपचैट पर करीब ढाई साल के मासूम बच्चे का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्चे के घर के ही एक अन्य नाबालिग ने वीडियो बनाया था और उसे स्नैपचैट की स्टोरी पर अपलोड किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य साइबर पुलिस उज्जैन ने संबंधित नाबालिग के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67बी और पाक्सो अधिनियम की धारा 15 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस को 23 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर एनसीएमईसी श्रेणी की साइबर टिपलाइन से शिकायत मिली थी। यह पोर्टल केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के माध्यम से संचालित होता है। शिकायत क्रमांक 252016741 में स्नैपचैट के माध्यम से बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से संबंधित सामग्री प्रसारित किए जाने की जानकारी दी गई थी।
शिकायत के साथ मिले डिजिटल साक्ष्यों की जांच में सामने आया कि करीब ढाई साल के बच्चे का वीडियो घर के ही एक अन्य नाबालिग ने बनाया और उसे सोशल मीडिया पर स्टोरी के रूप में अपलोड किया था। पुलिस ने उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल अंशुमान यादव के निर्देश पर डीआइजी विनीत कपूर के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक रूपेश द्विवेदी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। डीएसपी लीना मरोठ के पर्यवेक्षण में निरीक्षक पूजा मुवैल, उपनिरीक्षक जितेंद्र सोलंकी, प्रधान आरक्षक तृप्ति लोधी, सुब्रतो शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने जांच में योगदान दिया।
यह भी पढ़ें- साइबर ठगी पर शिकंजा कसने की तैयारी, फर्जी सिम और संदिग्ध नंबरों पर थानों से रखी जाएगी नजर
राज्य साइबर पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग पर नियमित निगरानी रखने की अपील की है। बच्चों को स्वयं या दूसरे बच्चों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने अथवा साझा करने से रोकें। स्नैपचैट और इंस्टाग्राम की गोपनीयता व स्टोरी साझा करने संबंधी सेटिंग सुरक्षित रखें। बच्चों को समझाएं कि इंटरनेट पर अपलोड की गई सामग्री को पूरी तरह हटाना मुश्किल हो सकता है। किसी बच्चे का आपत्तिजनक फोटो या वीडियो मिलने पर उसे आगे प्रसारित न करें, बल्कि संबंधित मंच पर शिकायत कर पुलिस को सूचना दें। बच्चों को व्यक्तिगत गोपनीयता और अच्छे-बुरे स्पर्श के बारे में भी जागरूक करें। साइबर अपराध की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर की जा सकती है।