
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : आदिवासी कन्या महाविद्यालयीन छात्रावास में बाहरी व्यक्ति की लगातार आवाजाही, अनधिकृत प्रवेश और कथित अभद्रता से परेशान लगभग 50 छात्राएं सोमवार को दोपहर 3 बजे सामूहिक रूप से शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने एक बाहरी व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
छात्राओं ने कलेक्टर को संबोधित ज्ञापन सौंपा। बताया कि सोनू कुशवाहा नामक व्यक्ति, जिसका छात्रावास की व्यवस्थाओं से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है, वह लगातार परिसर में दखल दे रहा है। आरोप है कि वह थार, स्कूटर और अन्य बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों से हर दूसरे-तीसरे दिन छात्रावास परिसर में आता है।
छात्राओं के पास संबंधित वाहनों के फोटो और वीडियो प्रमाण भी मौजूद हैं। इसके अलावा, रात 8 से 9 बजे के बीच भी उसकी आवाजाही बनी रहती है। छात्रा किरण सूर्यवंशी ने मीडिया को बताया कि यह बेहद गंभीर मामला है क्योंकि छात्रावास में 600 से 700 लड़कियां रहती हैं।
छात्राओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा छात्रावास के सीसीटीवी कैमरे बंद करवाने या हटवाने का प्रयास किया जाता है तथा छात्राओं की गतिविधियों की वीडियोग्राफी कर विभाग में भेजी जाती है। पेयजल संकट के दौरान भी उसके द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप किए जाने की शिकायत की गई है।
विरोध करने पर वह छात्राओं और वार्डन से अभद्रता करता है। छात्रावास की अधीक्षिका प्रीति चंदेल ने बताया कि सोनू कुशवाहा आदिम जाति कल्याण विभाग के संभागीय आयुक्त के वाहन चालक हैं। उनका छात्रावास से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है, इसके बावजूद वे दिन में 4-5 बार और रात में भी परिसर में आते हैं।
वे छात्रावास की अधीक्षिका पवित्रा परमार से मिलने के बहाने उनके निवास के साथ परिसर तक पहुंचते हैं। इस संबंध में 8 अक्टूबर को ही जिला संयोजक और संभागीय आयुक्त को लिखित शिकायत देकर अवगत कराया गया था।
सुनवाई करने पहुंचीं संयुक्त कलेक्टर शिवानी तरेटिया ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों से जुड़े मामलों की भी जांच होगी।
यह भी पढ़ें- प्रभारी अधीक्षिका की मनमानी से तंग आईं छात्राएं, सूरजपुर कलेक्टोरेट में शिकायत, वार्डन पर प्रताड़ित करने का आरोप