
Ujjain Railway Station: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। देशभर से उज्जैन आने वाले यात्रियों को अब रेलवे स्टेशन पर ही भस्म आरती में शामिल होने का अनुभव हो सकेगा। एक कंपनी वर्चुअल रियलिटी (वीआर) की सुविधा स्टेशन पर उपलब्ध करवाएगी। इससे यात्री निर्धारित शुल्क चुकाकर ऐसा अहसास कर सकेंगे, जिससे कि वह भगवान महाकाल के पास खड़े होकर ही आरती देख रहे हैं। रेलवे दो साल के लिए कंपनी को ठेका देने जा रहा है। जल्द ही यह सुविधा यात्रियों को मिल सकेगी।
देशभर से महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की एक ही कामना होती है कि वह सुबह महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती में शामिल हो जाए। महाकालेश्वर मंदिर समिति मंदिर में रोजाना सुबह होने वाली भस्म आरती में आनलाइन, आफलाइन और प्रोटोकाल के माध्यम से रोजाना 1800 लोगों को प्रवेश मिल पाता है।

हजारों भक्त भस्म आरती में सम्मिलित होने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे भक्त जो आरती को देखना चाहते हैं, उनके लिए रेलवे प्रशासन उज्जैन व इंदौर रेलवे स्टेशन पर वीआर तकनीक से भस्म आरती देखने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। वीआर हेडसेट को सिर पर पहना दिया जाता है। इससे वह चाहे तो 360 डिग्री घूमकर भी मंदिर के अंदर का अहसास कर सकते हैं। डिवाइस थ्रीडी माउस की तरह काम करेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निजी कंपनी को रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक पर जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। दो साल के लिए कंपनी के 21 लाख रुपये में ठेका दिया जा रहा है। कंपनी ही शुल्क तय कर यात्रियों को सुविधा देगी। महाकाल मंदिर की भस्म आरती के अलावा ओंकारेश्वर मंदिर और मांडू के भी दृश्य यात्री देख सकेंगे।
उज्जैन स्टेशन पर वीआर तकनीक से भस्म आरती व हिस्टोरिकल प्लेस देखने की सुविधा जल्द ही शुरू होने वाली है। यात्री निर्धारित शुल्क चुकाकर यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। - रजनीश कुमार, डीआरएम, रतलाम मंडल।