
नईदुनिया न्यूज, उन्हेल/नागझिरी (उज्जैन) : पड़ोसी से मारपीट और अपशब्द की आठ दिन पुरानी शिकायत के मामले में आरोपित को तलाशने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। ग्राम नागझिरी में आरोपी के खेत पर बने मकान पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर स्वजनों ने कथित तौर पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में एसआई धारासिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपियों ने एसआई के साथ मारपीट करने के साथ उनकी शासकीय वर्दी भी फाड़ दी। यह जानकारी भी सामने आई कि घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कंचनबाई पिता भावसिंह बंजारा ने आठ दिन पहले पड़ोसी सरदार सिंह के खिलाफ उन्हेल थाने में मारपीट और अपशब्द की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने सरदार पिता गब्बर बंजारा को पूछताछ और शिकायत के निराकरण के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह आठ दिन तक थाने नहीं पहुंचा।
इसके बाद बुधवार को दोपहर करीब 12.15 बजे एसआइ धारासिंह चावड़ा पुलिस टीम के साथ ग्राम नागझिरी पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे भी शामिल थीं।
पुलिसकर्मी आरोपित की तलाश में उसके खेत पर बने मकान पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घर पर मौजूद महिला और बच्चों से सरदार सिंह के बारे में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक सरदार सिंह की पत्नी सुगनाबाई ने उसके घर पर नहीं होने और बाहर जाने की बात कही। इसी दौरान पुलिस को आरोपित दरवाजे के पीछे दिखाई दिया। एसआई चावड़ा ने आरोपित से शिकायत के संबंध में थाने नहीं आने का कारण पूछा और उसे थाने चलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर सरदार सिंह, सुगनाबाई, पूजा पति बबलू, अवंताबाई उर्फ संगीता, बापू, माखन पिता मुकेश और राजेश पिता गोरेलाल ने कथित तौर पर एकजुट होकर पुलिस टीम पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एसआइ चावड़ा के हाथ और गाल पर चोट आई। हमले में आरक्षक विक्रम राघव, महिला आरक्षक नेहा भालसे, पंकज खरते को चोट आई। आरोपित मौके से फरार हो गए।
मामले में उन्हेल पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी सहित मामले से संबंधित आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सात नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पूछताछ के लिए दो महिलाओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि पुराना पंजीबद्ध दर्ज था जहां टीम नागझिरी गांव में पकड़ने गई थी, तभी आरोपित के परिवार ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया गया, जहां कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद गांव में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह भी पढ़ें- खाकी पर जानलेवा हमला... पत्नी की पिटाई रोक रहे डायल-112 के कॉन्स्टेबल को पीटा, सीतापुर में आरोपी पर FIR