
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सिंहस्थ 2028 'क्लीन एंड ग्रीन' थीम पर आयोजित किया जाएगा। ऐसे में राज्य सरकार ने स्वच्छता पर सबसे ज्यादा निवेश का लक्ष्य रखा है। सिंहस्थ में प्रमुख स्नान के दिनों में प्रतिदिन लगभग 2500 टन कचरा उत्पन्न होने का अनुमान है। इसके निपटान के लिए 13 हजार सफाई कर्मियों की दैनिक तैनाती होगी। जीपीएस और एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर से निगरानी होगी। ठोस अपशिष्ट के संग्रहण, परिवहन, साफ-सफाई और वेक्टर नियंत्रण के लिए 153.73 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में सिंहस्थ-2028 की सभी व्यवस्थाओं की मंजूरी और निगरानी के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक हुई। समिति ने पर्यवेक्षण समिति द्वारा अनुशंसित 2801.75 करोड़ रुपये की लागत के 33 प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी दी। सिंहस्थ के दौरान शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण, संचालन एवं रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है।
2584 हेक्टेयर मेला क्षेत्र में 8,169 स्वच्छता सेट में 1,74,858 इकाइयां होंगी। 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय होंगे। सार्वजनिक शौचालय लगभग हर 500 मीटर पर होंगे। घाटों पर महिला श्रद्धालुओं के लिए हर 200 मीटर पर 185 चेंजिंग रूम सेट में से 85 सेट सीएसआर के माध्यम से बनाए जाएंगे।
क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए 12.33 करोड़ से इन-सीटू उपचार, बायोरेमेडिएशन और रियल-टाइम जल गुणवत्ता निगरानी प्रस्तावित है। देवास नगर निगम द्वारा नागधम्मन नदी पर इंटेकवेल बनाकर दूषित जल को मौजूदा एसटीपी से जोड़ने का 1.50 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के लिए शुद्ध जल मिल सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक मेले सिंहस्थ-2028 के प्रबंधन के लिए जितने भी काम निर्माणाधीन हैं या मंजूर हो चुके हैं, वे सभी हर हाल में 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जाएं।
हर माह सिंहस्थ की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक आयोजित कर निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन कामों की समीक्षा की जाएगी। मेला क्षेत्र, घाटों और प्रमुख मार्गों पर निर्बाध एवं वैकल्पिक बिजली वितरण व्यवस्था के लिए 387.99 करोड़ की कार्ययोजना है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को मिल सकता है एक्सटेंशन, जनवरी में पूरा हो रहा कार्यकाल
सिंहस्थ के दौरान 100 बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) टीमों की आवश्यकता होगी। उज्जैन सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों और अंतरराज्यीय सीमाओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन आधारित निगरानी, एंटी-ड्रोन तकनीक भी अपनाई जाएगी।
सिंहस्थ 2016 की तुलना में इस बार होमगार्ड की संख्या 8,000 से बढ़ाकर 11,500 की जा रही है। वहीं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4,000 से बढ़ाकर 10,000 की गई है। घाटों, अखाड़ों, पार्किंग स्थलों और परिवहन केंद्रों के बीच 45 करोड़ से 2000 बसों का संचालन होगा।