
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए 2000 से अधिक बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है। इन बसों के लिए अलग सड़क निर्धारित होगी। सिंहस्थ बायपास से विभिन्न क्षेत्रों तक बसों का संचालन किया जाएगा।
बसों के ठहराव स्थल, रूट और मूवमेंट का विस्तृत प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) को सौंपी गई है। संभागायुक्त आशीष सिंह ने गुरुवार को सिंहस्थ निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसका प्रेजेंटेशन आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मालूम हो कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ उनके ठहरने की व्यवस्था भी प्रशासन की प्राथमिकता में है। इसके लिए पीपीपी मॉडल पर सिंहस्थ क्षेत्र में करीब 40 हजार डारमेट्री बनाने की योजना है। इनमें विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ आम श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। संभागायुक्त ने अपर मेला अधिकारी को सभी विभागों से पत्राचार कर सिंहस्थ में ड्यूटी के लिए आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या का डाटा एक सप्ताह में जुटाने को कहा है।
इसी आधार पर अलग-अलग स्थानों पर डारमेट्री के लिए जगह निर्धारित की जाएगी। आम श्रद्धालुओं के लिए भी विभिन्न जोन में न्यूनतम शुल्क पर डारमेट्री उपलब्ध कराने के निर्देश यूडीए को दिए गए हैं।
7 दिसंबर से शुरू होंगे स्वागत द्वार के काम
शहर में प्रवेश के लिए दो स्थानों पर स्वागत द्वार प्रस्तावित हैं। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि दोनों स्थानों पर 7 दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए। शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े अन्य कार्यों के टेंडर जारी करने की प्रक्रिया भी तेज करने को कहा गया। नगर निगम को 18 चौराहों के सौंदर्यीकरण में पहले उन चौराहों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, जहां अन्य निर्माण कार्य शेष नहीं हैं, ताकि काम बिना बाधा के पूरा किया जा सके।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी संभागायुक्त ने सख्ती दिखाई। जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए गए कि थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण में निर्माण एजेंसियों को दी गई जांच रिपोर्ट पर संबंधित विभागों ने क्या कार्रवाई की है, इसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) एक सप्ताह में प्राप्त करें। निर्धारित समय में रिपोर्ट नहीं देने वाले विभागों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन की खास तैयारी, 76 फायर बाइक खरीदेगा नगर निगम, संकरी गलियों तक पहुंचेगी मदद
बैठक में बताया गया कि 84 महादेव मंदिरों के विकास कार्यों में 59 मंदिरों का काम पूरा हो चुका है, जबकि 25 मंदिरों में काम शेष है। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री ने बताया कि घाट निर्माण का काम तेजी से चल रहा है और इसे निर्धारित समयसीमा से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। बैठक में संभागीय अपर आयुक्त रिजु बाफना, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीईओ नेहा जैन, यूडीए सीईओ संदीप सोनी और नगर निगम अपर आयुक्त संतोष टैगोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।