
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। आठ मार्च को महाशिवरात्रि पर देश-विदेश से आने वाले भक्तों को चलायमान व्यवस्था से भगवान महाकाल के दर्शन होंगे। मंदिर समिति द्वारा भीड़ नियंत्रण के लिए इस दिन 250 रुपये की शीघ्र दर्शन टिकट सुविधा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। आठ व नौ मार्च के लिए भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग को भी ब्लाक कर दिया गया है। दर्शनार्थियों को प्रशासनिक कार्यालय के समीप स्थित भस्म आरती बुकिंग काउंटर से ऑफलाइन अनुमति प्रदान की जाएगी।
मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार भक्तों को नृसिंह घाट से चारधाम मंदिर, शक्तिपथ, महाकाल महालोक होते हुए मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद दर्शनार्थी मंदिर के नए टनल मार्ग से होकर गणेश मंडप पहुंचेंगे तथा भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात नए निर्गम द्वार से निकलकर बड़े गणेश, हरसिद्धि चौराहा होते हुए चारधाम आश्रम पहुंचकर गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
महाशिवरात्रि पर देशभर से करीब 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान है, इसलिए भीड़ नियंत्रण की दृष्टि से शीघ्र दर्शन टिकट व्यवस्था को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। दर्शनार्थी एक मार्ग से मंदिर आएंगे तथा दूसरे मार्ग से गंतव्य के लिए रवाना होंगे।