
नईदुनिया न्यूज, माकड़ोन (उज्जैन) : लंबे समय से अधूरे पड़े शासकीय महाविद्यालय को शुरू कराने की मांग को लेकर गुरुवार को माकड़ोन में छात्र-छात्राओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। एबीवीपी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने मंडी चौराहा पर धरना, प्रदर्शन और रास्ता जाम किया।
करीब तीन से चार घंटे चले प्रदर्शन के कारण नगर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहा। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज को लेकर जनप्रतिनिधियों, शासन-प्रशासन और राजनीतिक दलों से लगातार मांग की जाती रही, लेकिन हर बार आश्वासन मिला और मामला आगे नहीं बढ़ा। इसी नाराजगी के चलते विद्यार्थी सड़क पर उतरने को मजबूर हुए।
माकड़ोन में उच्च शिक्षा की सुविधा के लिए करीब आठ बीघा जमीन दान की गई। विद्यार्थियों के अनुसार कॉलेज का भवन भी करोड़ों रुपये की लागत से करीबन तैयार हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद नियमित रूप से कक्षाएं शुरू नहीं हो पाई है।
छात्रों के मुताबिक कालेज को लेकर करीब नौ वर्षों से इंतजार चल रहा है, जबकि हमारी मांग को लेकर वे करीब 11 वर्षों से लगातार आवाज उठा रहे हैं। हाल ही में नगर में निकली तिरंगा यात्रा के दौरान एबीवीपी के विद्यार्थियों ने सांसद अनिल फिरोजिया और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ के समक्ष कालेज शुरू कराने की मांग रखी थी। छात्रों के अनुसार उस दौरान 20 दिन में कालेज शुरू कराने का भरोसा दिया गया था।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी एसडीएम अनिरुद्ध मिश्रा से सीधे चर्चा की मांग पर अड़े रहे। तहसीलदार रमेश सिंह सिसोदिया ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों से चर्चा की और उनकी मांगें सुनीं। लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर राजेंद्र कुमार डामोर ने छात्रों के समक्ष लिखित आश्वासन प्रस्तुत किया।
आंदोलन के दौरान कन्या विद्यालय की छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं। छात्राओं ने विद्यालय की बाउंड्रीवाल, शौचालय और स्कूल के समीप बड़े नाले का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने पीएम श्री रविंद्र विद्यालय को सीएम राइज स्कूल का दर्जा देने की मांग भी उठाई।
यह भी पढ़ें- देश के 48 आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता पर रोक: MP के 9 कॉलेज शामिल, NCISM की बड़ी कार्रवाई