
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : चिंतामन थाना क्षेत्र के ग्राम रत्नाखेड़ी में दो लोगों ने एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपित महिला को गांव के बाहर श्मशान घाट के समीप छोड़ गए, जहां लोगों ने महिला को बदहवास हालत में देखा था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में महिला ने घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से दोनों को जेल भेजने के आदेश जारी हो गए।
टीआई हेमराज यादव ने बताया कि रविवार सुबह रत्नाखेड़ी क्षेत्र में एक महिला बदहवास हालत में मिली थी। महिला को घूमता देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पहुंची और महिला से पूछताछ की तो उसने दुष्कर्म की जानकारी दी थी।
महिला ने पुलिस को बताया कि शहरी क्षेत्र में रहती है। शनिवार शाम को चिंतामन क्षेत्र में आई थी। जहां दो लोग उसे काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गए और रातभर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे रविवार सुबह रत्नाखेड़ी गांव के बाहर श्मशान घाट के समीप छोड़कर भाग गए थे।
पुलिस ने जांच के बाद आरोपितों की पहचान राकेश पुत्र मांगीलाल उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम रत्नाखेड़ी व उसका दोस्त दिलीप पुत्र रामलाल उम्र 35 वर्ष निवासी वीर सावरकर प्याऊ भैरवगढ़ मार्ग के रूप में की, दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश जारी हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले को लेकर जांच की जा रही है। आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाने के प्रयास किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर में नाबालिग से गैंगरेप... दरिंदगी के बाद वीडियो किया वायरल, 10 महीने बाद खुली पोल, 4 पर केस दर्ज