
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन-गरोठ नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्राले ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पलट गए। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल आगर पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक मौके से भाग निकला।
टीआई सुरेंद्र गरवाल ने बताया कि दुर्घटना शनिवार सुबह करीब दस बजे झारडा थाना क्षेत्र के पिपलिया धम्मा के पास हुई। यहां हाईवे पर गड्ढे भरने का काम चल रहा था। इसके चलते पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान गरोठ से उज्जैन की ओर जा रहे सीमेंट की बोरियों से भरे ट्राले ने पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पिकअप पलट गई। वहीं, संतुलन बिगड़ने से ट्राला भी सड़क पर पलट गया। हादसे में हाईवे की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई और ट्राले में भरी सीमेंट की बोरियां सड़क पर बिखर गईं।
यह भी पढ़ें- भोपाल के VIP रोड पर हादसा, रेलिंग पर चढ़ी स्कूल की बस, बच्चे और मैडम घायल
दोनों वाहनों के पलटने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल आगर पहुंचाया। सूचना मिलने पर झारडा थाना प्रभारी सुरेंद्र गरवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। ट्राला चालक की तलाश की जा रही है।