
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन को मंगलवार औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात मिली। देवास रोड स्थित विक्रम उद्योगपुरी में 1266 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित पेप्सिको इंडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के अत्याधुनिक फ्लेवर कंसंट्रेट प्लांट का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण कर दिया। इस प्लांट से 800 युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जबकि हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर मिलेंगे।
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से मध्य प्रदेश का स्वर्णिम काल प्रारंभ हुआ है और प्रदेश आज निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि पेप्सिको जैसी वैश्विक कंपनी का उज्जैन में निवेश प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों और बेहतर औद्योगिक वातावरण का प्रमाण है।
यह निवेश मालवा के औद्योगिक विस्तार के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। करीब 22 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह प्लांट देश के केवल दो फ्लेवर कंसंट्रेट निर्माण संयंत्रों में से एक है। यहां शीतल पेय पदार्थों के निर्माण में उपयोग होने वाले फ्लेवर कंसंट्रेट का उत्पादन किया जाएगा। आधुनिक ऑटोमेशन तकनीक से संचालित यह इकाई उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता के नए मानक स्थापित करेगी।
उज्जैन केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उद्योग, निवेश और रोजगार का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि 773 एकड़ में विकसित विक्रम उद्योगपुरी में 63 औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से छह हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है और यह क्षेत्र तेजी से औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसरंचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।