
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के लिए कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रही करीब 170 साल पुरानी खड़े हनुमान की मूर्ति का विस्थापन प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। मंदिर का मुख्य ढांचा चार सितंबर को हटाया जा चुका है, लेकिन करीब आठ फीट ऊंची मूर्ति अब भी मूल स्थान पर है।
शुक्रवार को एसडीएम एलएन गर्ग ने पुजारी महेश बैरागी, भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी और बजरंग दल पदाधिकारी शैलू यादव व रूपेश ठाकुर से अलग-अलग चर्चा की। सभी ने मूर्ति हटाने से साफ इन्कार कर दिया और विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी।
दरअसल, प्रशासन की योजना मूर्ति को टंकी चौराहा पर बनाए गए नए स्थान पर स्थापित करने की है। शुरुआती प्रयास में भारी मशीनों और कटर से भी मूर्ति नहीं हटाई जा सकी। इसके बाद तकनीकी जांच का रास्ता अपनाया गया।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर में आधी रात पहुंची भोपाल की टीम, मूर्ति के बेस की गहराई जांची
15 सितंबर को आईआईटी इंदौर की टीम ने जीपीआर तकनीक से जमीन के भीतर मूर्ति के आधार की जांच की। 29-30 अक्टूबर की रात भोपाल की टीम ने स्कैनिंग की और 22 नवंबर को दिल्ली से आई विशेषज्ञ टीम ने भी करीब एक घंटे परीक्षण किया। तीनों जांचों के बाद भी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है।