
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड कमेटी के अध्यक्ष सनवर पटेल शनिवार को छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मस्जिद पूरी तरह सुरक्षित और संरक्षित है।
एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मस्जिद को अपनी राजनीति चमकाने का जरिया बना रखा है। जनता को भड़काना ही अपना व्यवसाय बना लिया है, इसलिए समाज के लोग ऐसे तत्वों की बातों में कतई न आएं।
इंटरनेट मीडिया पर चल रही भ्रामक अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए सनवर पटेल ने लोगों अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति को बढ़ावा न दिया जाए। उन्होंने मस्जिद के दूसरे हिस्से में निर्माणाधीन नई मीनार को उच्च तकनीक और बेहतर निर्माण पद्धति से तैयार करने के निर्देश मस्जिद प्रबंध कमेटी को दिए।
पत्थरबाजी की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष और बेगुनाह व्यक्ति को आरोपित नहीं बनने दिया जाएगा। दोषियों की पहचान केवल पारदर्शी तथ्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर होगी।
यह भी पढ़ें- वीकेंड पर भगवान महाकाल के दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु, हरसिद्धि चौराहा पर गिरा बैरिकेड, मची अफरा-तफरी