
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस काम पर करीब 9.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चौड़ीकरण की जद में 272 भवन आ रहे हैं। सोमवार को नगर निगम के इंजीनियर ने कुछ कर्मचारियों को साथ लेकर रोड के सेंटर से प्रभावित भवनों की नपती और मार्किंग शुरू की।
बताया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार भवनों के चिह्नित हिस्सों की तोड़ाई कराकर रोड चौड़ा किया जाएगा। बताया कि घनी आबादी और बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर सामान्य दिनों में भी यातायात का दबाव रहता है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने पर दबाव और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अभी मार्ग कई हिस्सों में अपेक्षाकृत संकरा है। 15 मीटर चौड़ाई होने के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक जगह मिलेगी। अब्दालपुरा, जीवाजीगंज और गणेश चौक के बीच संपर्क भी सुगम होगा। सिंहस्थ के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए इस मार्ग की क्षमता बढ़ाना तैयारियों का अहम हिस्सा है।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में गुदरी चौराहा से पानदरीबा, कहारवाड़ी होते हुए हरसिद्धि पाल तक का करीब 570 मीटर मार्ग भी चौड़ा किया जाएगा। मौजूदा करीब 8 से 10 मीटर चौड़े मार्ग को 15 मीटर किया जाना है। चौड़ीकरण की जद में 136 भवन आ रहे हैं और इनकी नपती व मार्किंग की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब प्रभावित हिस्सों की तोड़ाई के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी है।
परियोजना की कुल लागत 14.43 करोड़ रुपये है। नगर निगम ने काम चौधरी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स, भोपाल को सौंपा है। कार्यादेश में 9 करोड़ 10 लाख रुपये की स्वीकृत राशि जीएसटी रहित दर्ज है। ठेकेदार को 12 माह में काम पूरा करना है। चौड़ीकरण से इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन के लिए अतिरिक्त जगह मिलेगी।