
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। इंदौर की महिला से उज्जैन में चलती कार में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला ने इंस्टाग्राम पर दोस्त बने युवक पर मिलने बुलाकर 5 लोगों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। वहीं महिला का कहना है कि उससे मारपीट कर यौन हिंसा भी की गई।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद इंदौर की युवती को उज्जैन बुलाकर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवती ने पांच युवकों पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपितों ने उसके साथ यौन हिंसा की और गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना के बाद आरोपित उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए। युवती की शिकायत पर नानाखेड़ा पुलिस ने चक्रेश जैन और एक अन्य युवक के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।
युवती के अनुसार, कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से दोस्ती हुई थी। दोनों पहले भी एक-दो बार मिल चुके थे। सोमवार को चक्रेश ने उसे मिलने के लिए उज्जैन बुलाया। युवती बस से शाम करीब सात बजे उज्जैन पहुंची।
यहां मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार में मिला। युवती का आरोप है कि दोनों उसे कार में घुमाते रहे। बाद में चक्रेश के चार अन्य दोस्त भी कार में सवार हो गए। युवती ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट की गई। उसने आरोपितों पर निजी अंग में प्लास्टिक का पाइप डालकर घायल करने का भी आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए।
युवती के भाई ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे बहन का फोन आया था। वह रो रही थी और उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अरबिंदो अस्पताल के बाहर पहुंचा और बहन को लेकर उज्जैन के नानाखेड़ा थाने आया। रात करीब 12 बजे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने युवती से पूछताछ के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा।
सीएसपी श्वेता गुप्ता और नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने युवती से पूछताछ की। पुलिस ने उसके लिखित आवेदन के आधार पर चक्रेश जैन और एक अन्य युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सीएसपी श्वेता गुप्ता के अनुसार, युवती अपनी मर्जी से उज्जैन आई थी। उसकी शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में नाबालिग से गैंगरेप... दरिंदगी के बाद वीडियो किया वायरल, 10 महीने बाद खुली पोल, 4 पर केस दर्ज