
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : एमपी नगर में शनिवार सुबह गैस सिलिंडर में हुए जोरदार विस्फोट से 22 वर्षीय युवक बुरी तरह झुलस गया। सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण कमरे में गैस भर गई थी। इसी दौरान युवक ने सिगरेट जलाने के लिए जैसे ही माचिस की तीली सुलगाई, आग ने गैस को पकड़ लिया और तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया।
विस्फोट इतना जोरदार था कि कमरे की दीवार ढह गई और मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में संदीप पुत्र मिश्रलाल निवासी एमपी नगर झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।
चिमनगंज पुलिस के अनुसार संदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। वह गैस एजेंसी में डिलीवरी बाय का काम करता है और एमपी नगर में देवीलाल व एक अन्य युवक के साथ किराए के कमरे में रहता है। शनिवार सुबह किचन में रखे सिलिंडर से गैस लीक हो रही थी। कमरे में गैस की बदबू भी आ रही थी, लेकिन रिसाव कहां से हो रहा है, इसका पता नहीं चल सका। सुबह करीब साढ़े आठ बजे संदीप ने सिगरेट जलाने के लिए माचिस जलाई और उसी समय कमरे में जमा गैस ने आग पकड़ ली। इसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ।
मकान मालिक इंदरसिंह ने बताया कि उसने चार दिन पहले ही तीनों युवकों को कमरा किराए पर दिया था। जोधपुर स्वीट्स के संचालक ने उन्हें अपना परिचित बताते हुए कमरा दिलवाया था। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह मकान के बाहर बाटी सेक रहा था, तभी तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।
वह तुरंत कमरे की ओर दौड़ा तो संदीप झुलसी हालत में मिला और कमरे की दीवार ढह चुकी थी। इंदरसिंह ने 112 पर पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस बुलाई। पुलिस के अनुसार युवकों ने सिलिंडर खत्म होने के बाद उसे बदलने के दौरान हादसा होने की बात भी बताई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दमोह के रॉयल दमयंती पैलेस में फटी गैस पाइपलाइन; सगाई में मची भगदड़, दो की मौत और एक गंभीर