
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। खेतों में फसलों और संपत्ति की सुरक्षा के नाम पर अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित करना जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसा ही एक मामला ग्राम भरौला में सामने आया है, जहां खेत की मेड़ पर लोहे के जीआई तार में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से 67 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित खेत मालिक मोहन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भरौला निवासी रामफल यादव (67) मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद 23 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे उनका शव गांव के ही निवासी मोहन चौधरी के खेत की मेड़ पर पेट के बल पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के बाएं पैर के नीचे छिलने के निशान पाए गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने और मर्ग जांच के दौरान पाया कि खेत की मेड़ पर लोहे के जीआई तार में बिजली के खंभे से अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित किया गया था। इसी करंट की चपेट में आने से रामफल यादव की मौत हुई।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित मोहन चौधरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 606/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- उमरिया में खेत में बिछाया करंट, कई मवेशियों के साथ बुजुर्ग की मौत; गांव में हड़कंप
उमरिया पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि खेतों, बाड़ों अथवा अन्य स्थानों पर अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित न करें। ऐसा करना न केवल इंसानों बल्कि मवेशियों और वन्यजीवों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।