
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम भरौला में खेत में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से स्थानीय निवासी रामफल पिता चमरू यादव (50 वर्ष) की मौत हो गई।
इस हादसे में एक गाय सहित अन्य पालतू मवेशियों के भी करंट की चपेट में आकर दम तोड़ने की खबर है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि खेत को जंगली जानवरों से सुरक्षित रखने के लिए बाड़ी में विद्युत प्रवाहित तार बिछाए गए थे,यही तार मौत का जाल बन गए। घटना स्थल हाईवे और उमरिया सड़क मार्ग के नजदीक बताया जा रहा है।
खेतों की रखवाली के लिए इस तरह खुले तारों में करंट प्रवाहित करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है,इसकी भयावह तस्वीर भरौला की इस घटना ने एक बार फिर सामने ला दी है।
गौरतलब है कि जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेतों की मेड़ और बाड़ियों में करंट प्रवाहित करने की घटनाएं पहले भी कई जानलेवा हादसों का कारण बन चुकी हैं। चपेट में आकर कभी इंसान तो कभी बेजुबान मवेशी अपनी जान गंवा चुके हैं।
इसके बावजूद खेतों में मौत का यह इंतजाम थमने का नाम नहीं ले रहा।एक ओर फसल की सुरक्षा की चिंता है,तो दूसरी ओर इस तरह के जानलेवा इंतजाम पूरे इलाके के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।हादसे में मवेशियों की मौत और खेत में करंट प्रवाहित करने के मामले की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर कलेक्टर का खौफ नहीं, नगर निगम के बाबू ने आरोपी को दी पाॅक्सो पीड़िता की गोपनीय जानकारी